गंगटोक, एक जून (भाषा) निर्वाचन आयोग ने सोमवार को सिक्किम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
आयोग की निदेशक शुभ्रा सक्सेना ने गंगटोक स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, मतदाताओं के सत्यापन और अन्य संबंधित गतिविधियों की स्थिति का आकलन किया।
सक्सेना ने सटीक और समावेशी मतदाता सूची बनाए रखने के महत्व पर बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान सभी पात्र मतदाताओं को इसमें शामिल किया जाए।
चार जून तक राज्य के दौरे पर आईं सक्सेना ने कहा कि बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाताओं की गणना प्रपत्र भरने और ‘ईसीआईएनईटी’ पोर्टल के माध्यम से आवश्यक जानकारी अपलोड करने में सक्रिय रूप से सहायता करनी चाहिए।
बैठक में उन मतदाताओं के सत्यापन और मिलान (मैपिंग) पर भी चर्चा की गई, जिनके रिकॉर्ड पूर्व की मतदाता सूचियों में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।
बयान के अनुसार, अधिकारियों को पात्र मतदाताओं की सही पहचान और पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त सत्यापन प्रक्रियाएं अपनाने तथा उपलब्ध अभिलेखों का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
सक्सेना ने एसआईआर को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर सावधानीपूर्वक सत्यापन और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज कुमार यादव, जिला निर्वाचन अधिकारी और बूथ स्तर के अधिकारी मौजूद थे।
इस पुनरीक्षण अभियान का गणना चरण शनिवार से शुरू हुआ है और यह 28 जून तक जारी रहेगा।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश