निर्वाचन आयोग की टीम तीन दिवसीय दौरे पर असम पहुंची

Ads

निर्वाचन आयोग की टीम तीन दिवसीय दौरे पर असम पहुंची

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 08:49 PM IST

गुवाहाटी, 16 फरवरी (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ आगामी असम विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आयोग मंगलवार को राजनीतिक दलों के नेताओं, चुनाव संबंधी केंद्रीय और राज्य प्राधिकारों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से मुलाकात करेगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ आए निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी का असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने स्वागत किया।

निर्वाचन आयोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के नेतृत्व में ईसीआई प्रतिनिधिमंडल आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने को लेकर आज गुवाहाटी पहुंचा।’’

मुख्य निर्वाचन आयुक्त अगले दिन यहां मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।

ज्ञानेश कुमार और दोनों निर्वाचन आयुक्त 18 फरवरी को अपने दौरे के अंतिम दिन मीडिया को संबोधित करेंगे।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है।

भाषा आशीष रंजन

रंजन