हाथी शिविर हादसा: पर्यटक महिला के बाद घायल हाथी ‘मार्थंडा’ की भी मौत

Ads

हाथी शिविर हादसा: पर्यटक महिला के बाद घायल हाथी ‘मार्थंडा’ की भी मौत

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 05:28 PM IST

बेंगलुरु, 19 मई (भाषा) कर्नाटक के कोडगु जिले में स्थित डुबारे हाथी शिविर में दो प्रशिक्षित हाथियों की लड़ाई में घायल हुए हाथी ‘मार्थंडा’ की मंगलवार को मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले दोनों हाथियों की लड़ाई में एक महिला पर्यटक की भी जान चली गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि 18 मई को हाथियों को नहलाने के दौरान ‘कंजन’ और ‘मार्थंडा’ के बीच भिड़ंत हो गई। लड़ाई में घायल मार्थंडा का इलाज चल रहा था, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

घटना के दौरान तमिलनाडु की पर्यटक तुलसी (33) हाथियों को नहलाते देख रही थीं। मार्थंडा के गिरने पर वह उसके नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

कर्नाटक के वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री ईश्वर खंड्रे ने घटना पर दुख जताते हुए सभी हाथी शिविरों में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने और हाथियों को 100 फुट की दूरी से ही देखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश