नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) रेल मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट का नया परीक्षण संस्करण (बीटा वर्जन) शुरू करने की घोषणा की जिसका उद्देश्य रेल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और यात्री-अनुकूल बनाना है।
अधिकारियों ने बताया कि आईआरसीटीसी की नयी वेबसाइट 15 जुलाई 2026 को रात नौ बजे से शुरू हो गई। उन्होंने उपयोगकर्ताओं से इसकी नयी और सरल सुविधाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देने का भी आग्रह किया है।
रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘आईआरसीटीसी ने इस नए परीक्षण संस्करण में चार प्रमुख सुधार किए हैं। पहला, इसमें अब अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप, चमकदार चित्र या उपयोगकर्ता का ध्यान भटकाने वाले अन्य तत्व नहीं होंगे। दूसरा, यात्री अब सभी श्रेणियों में सीट की उपलब्धता एक साथ देख सकेंगे।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘तीसरा, यह तेज भुगतान प्रक्रिया की सुविधा देता है, जिससे टिकट बुक करने के लिए आवश्यक चरणों की संख्या काफी कम हो जाती है। चौथा और सबसे महत्वपूर्ण सुधार यह है कि वेबसाइट यात्रियों की जानकारी सुरक्षित रखेगी, जिससे दोबारा टिकट बुक करना और अधिक आसान हो जाएगा।’’
मंत्रालय ने बताया कि मौजूदा वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर भी इस परीक्षण संस्करण का लिंक उपलब्ध करा दिया गया है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस परीक्षण संस्करण के माध्यम से उपयोगकर्ता अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकेंगे। प्राप्त सुझावों के आधार पर भविष्य में वेबसाइट के आगामी संस्करणों में और सुधार किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।’’
भाषा खारी वैभव
वैभव