मध्य प्रदेश में किसानों के उग्र आंदोलन के बीच आज दिल्ली में राष्ट्रीय किसान महासंघ की आपात बैठक भी होगी. मध्यप्रदेश से राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा कक्काजी और अन्य किसान नेता बैठक में शिरकत करेंगे।इधर, इंदौर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ, भारतीय किसान यूनियन और आम किसान यूनियन ने सयुंक्त रूप से सरकार के सामने अपनी बात रखी है. कक्काजी ने दावा किया है कि मंदसौर की घटना में मृतकों की संख्या 8 है. जिनमें 6 पाटीदार और 2 अन्य समाज के हैं.
किसान संघों का दावा है कि सरकार ने मृत किसानों के आंकड़े को छिपाया है. वहीं, काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताने वाले संघ ने मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। इसको लेकर अब राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ इंदौर के वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन माथुर से मिलकर इंसाफ के लिए कोर्ट का रुख अपनाएंगे। किसान संघ ने 10 जून के बाद जेल भरो आंदोलन करने का ऐलान किया है. तो वहीं हर जिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अर्थी निकालने की भी तैयारी की है।