UP Assembly Elections 2027/Image Credit: @myogiadityanath
UP Assembly Elections 2027: लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश पूर्ववर्ती विपक्षी सरकारों के “निराशा, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के दौर” से बाहर निकल चुके हैं। उत्तर प्रदेश प्रवास के अपने पहले दिन लखनऊ में नवीन ने मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री तथा सांसदों और विधायकों के साथ एक बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संकेत दिया।
भाजपा की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नितिन नबीन ने कहा कि “भाजपा के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश दोनों ही पूर्ववर्ती विपक्षी सरकारों की घोर निराशा, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के काले दौर से बाहर निकल चुके हैं।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि वे विपक्ष के किसी भी “लोकलुभावन या भ्रामक विमर्श” का शिकार हुए बिना पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरें और विरोधियों के मंसूबों को विफल करें। (UP Assembly Elections 2027) नितिन नबीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश और 2005 से पहले का बिहार “अराजकता, चरम भ्रष्टाचार और संकीर्ण जातिवाद” के दौर से गुजर रहे थे, जिसके कारण इन राज्यों की छवि देश-दुनिया में खराब हुई थी और लोगों को अन्य राज्यों में “हीन भावना” का सामना करना पड़ता था।
आज लखनऊ में @BJP4India के मा. राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी की अध्यक्षता तथा मा. राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री @blsanthosh जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘सांसद-विधायक बैठक’ में सम्मिलित हुआ।
इस अवसर पर @BJP4UP के मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री @mppchaudhary जी, मा.… pic.twitter.com/wCPZpZIDjQ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 4, 2026
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश में विकास ठप था और कई क्षेत्रों में “क्षेत्रीय क्षत्रप” समानांतर सत्ता चलाते थे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने माफियाओं और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया है, जिसकी चर्चा आज पूरे देश में एक मॉडल के रूप में हो रही है। उन्होंने 2011 की राष्ट्रीय एकता यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के प्रयास को रोकने की कोशिश की गई थी। (UP Assembly Elections 2027) उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में कश्मीर में पाकिस्तान के झंडे लहराए जाते थे, जबकि भारतीय ध्वज को छिपाकर ले जाना पड़ता था। नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब कश्मीर का लाल चौक तिरंगे से सुसज्जित है और अनुच्छेद 370 हटाने के बाद वहां सकारात्मक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर समाज को बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय जातिगत समीकरणों को उभारा जाता है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं को “राष्ट्र प्रथम” की विचारधारा से भटकाने की कोशिश की जाती है।
UP Assembly Elections 2027: भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं, लेकिन पार्टी को इसे वोट में पूरी तरह बदलने के लिए जनता से और अधिक संवाद बढ़ाना होगा। उन्होंने भाजपा सांसदों और विधायकों से अपने कार्यालयों से बाहर निकलकर जनता के बीच सक्रिय रहने और विकास कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। नितिन नबीन ने विश्वास जताया कि अगले सात-आठ महीनों के प्रयासों से विपक्ष का सफाया तय है और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
इन्हें भी पढ़ें:-