कोलकाता, 25 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय पार्टी को हराने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, क्योंकि लगभग पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बंगाल में डेरा डाले हुए हैं।
हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने भाजपा पर राज्य के बाहर कार्यरत पश्चिम बंगाल के प्रवासी श्रमिकों से झूठे वादे करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, ‘‘भाजपा हताश है, पश्चिम बंगाल में 50 हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री से लेकर गृह मंत्री, रेल मंत्री और रक्षा मंत्री तक लगभग पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल, साथ ही राजग शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्री, एक ही राज्य – पश्चिम बंगाल में डेरा डाले हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि इसकी तुलना तृणमूल द्वारा राज्य भर में चुनाव प्रचार के लिए इस्तेमाल किए जा रहे केवल तीन हेलीकॉप्टरों से करें, लेकिन यह सारा शोर-शराबा और हंगामा चार मई को फीका पड़ जाएगा।
बनर्जी ने कहा, ‘‘इसके अलावा, हम जहां भी जा रहे हैं, हमें केंद्रीय बलों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। वे बख्तरबंद वाहन ला रहे हैं, जिनका उपयोग उन जगहों पर नहीं किया जा रहा है ,जहां उनकी आवश्यकता है।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस कथित बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘परिणामों के बाद टीएमसी समर्थित गुंडों को उल्टा लटका दिया जाएगा’’, बनर्जी ने कहा, ‘‘एक केंद्रीय मंत्री और एक जिम्मेदार नेता के रूप में, आप ऐसे शब्द नहीं बोल सकते। आप आतंक की भाषा बोल रहे हैं। मुझे पता है कि आपके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। लेकिन, मैंने अपने लोगों को उनके भाषण की वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे अदालत में जमा करने को कहा है।’’
प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वह (नरेन्द्र मोदी) हुगली नदी पर एक पूर्व-निर्धारित नौका विहार पर गए थे, जो सेना द्वारा आयोजित था।
बनर्जी ने कहा, ‘‘आपने कहा कि हम आपके झालमुड़ी खाने से नाराज थे, लेकिन हमें पता था कि आपने इसे घर पर बनाया था और सब कुछ पहले से तय था, क्योंकि झाड़ग्राम की दुकान पर कैमरा पहले से ही लगा हुआ था।’’
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप