मेरठ। पाकिस्तान की इंटेलिजेंस के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय सेना का एक जवान पकड़ा गया है। ये जवान पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआइओ) को आठ बार सूचनाएं भेज चुका है। ये जानकारी सामने आने के बाद सेना की सभी एजेंसियों के साथ ही प्रदेश व केंद्र सरकार की एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं।
बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के बागेश्वर का रहने वाले सैनिक कंचन सिंह को सेना पुलिस ने जासूसी के आरोप में पकड़ा है। जवान कंचन मेरठ छावनी में दो साल से तैनात है। वह चार्जिंग रैम डिवीजन के इंटर डिवीजन सिग्नल रेजिमेंट (आइडीएसआर) में सिग्नलमैन है। आइडीएसआर में तैनाती के पहले वह इसी डिवीजन की एक ब्रिगेड में तैनात था। ब्रिगेड के अंतर्गत सेना की तीन बटालियन होती हैं। इस लिहाज ये सेना के लिए अधिक गंभीर विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें : मी टू में फंसे केन्द्रीय मंत्री एमजे अकबर का इस्तीफा, जानिए पूरा मामला
कंचन 10 साल से भारतीय सेना में है। जबकि वह पिछले 10 महीने से पाकिस्तान के संपर्क में था। कंचन को सेना पुलिस ने नौ अक्टूबर को ही अपनी गिरफ्त में ले लिया था। सेना की जांच पिछले 10 महीनों के दौरान कंचन और पाकिस्तान के बीच हुए संपर्क के इर्द-गिर्द चल रही है। कंचन सिंह ने बातचीत और दस्तावेजों को भेजने के समय में कुछ अंतराल रखा है। अभी तक करीब आठ बार उसके दस्तावेज भेजने और इससे अधिक बार बातचीत की जानकारी मिली है।
यह भी पढ़ें : राजधानी एक्सप्रेस को ट्रक ने मारी टक्कर, दो डिब्बे पटरी से उतरे, ड्राइवर की मौत
कंचन के मोबाइल फोन से हुए पुरानी बातचीत व दस्तावेजों के आदान-प्रदान के रिकॉर्ड को निकाला जा रहा है। उसकी किन-किन पाकिस्तानी नंबरों पर बात हुई और किसे दस्तावेज भेजे गए, इसकी भी जानकारी निकाली जा रही है। साथ ही उसके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। आर्मी इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के आधार पर सेना पुलिस ने पिछले दिनों जासूसी करने के आरोप में कंचन को पकड़ा था।
वेब डेस्क, IBC24