ईयू ने असम के तीन जिलों को छोड़कर राज्य की यात्रा न करने संबंधी सलाह वापस ली : हिमंत

Ads

ईयू ने असम के तीन जिलों को छोड़कर राज्य की यात्रा न करने संबंधी सलाह वापस ली : हिमंत

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 08:01 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 08:01 PM IST

गुवाहाटी, 20 जून (भाषा) यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देशों ने असम की यात्रा नहीं करने की अपनी सलाह वापस ले ली है। हालांकि सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) के दायरे में आने वाले तीन जिलों को इसमें अपवाद रखा गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत में ईयू के राजदूत हर्वे डेल्फिन ने असम के मुख्य सचिव को सूचित किया कि शुक्रवार से प्रतिबंध हटा लिया गया है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘असम में हालात का जायजा लेने के बाद, ईयू ने यात्रा से जुड़ी अपनी नकारात्मक सलाह कल (शुक्रवार) वापस ले ली। ईयू के सभी 27 सदस्य देशों ने अपने नागरिकों के हमारे राज्य में आने पर लगी पाबंदियां हटा ली हैं, सिवाय उन तीन जिलों के – चराइदेव, तिनसुकिया और शिवसागर – जहां अफस्पा लागू है।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका और कनाडा ने अभी तक असम के लिए यात्रा प्रतिबंध नहीं हटाए हैं और राज्य सरकार इस मामले को लेकर उनसे बातचीत कर रही है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ऑस्ट्रेलिया और जापान ने पिछले साल अपने नागरिकों के लिए ऐसा ही परामर्श वापस ले लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ईयू राजनयिकों की हालिया यात्रा के बाद हुआ यह घटनाक्रम असम में भरोसे का एक मजबूत संकेत है और ईयू-असम के बीच गहरे संबंधों के लिए अच्छा है। इससे पर्यटन, व्यापार और लोगों के बीच आपसी संबंध और मजबूत होंगे।’’

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश