हर भारतीय चीन के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है: ओवैसी

Ads

हर भारतीय चीन के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है: ओवैसी

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 03:08 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

हैदराबाद, 24 जून (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि हर भारतीय नागरिक चीन के साथ सामान्य और शांतिपूर्ण संबंध चाहता है, लेकिन यह सिर्फ चीन की शर्तों पर नहीं हो सकता।

हैदराबाद के सांसद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के हित सबसे ऊपर होने चाहिए और चीन के साथ सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश में इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह हमारी हमेशा से नीति रही है और इसे अब बदलना एक बड़ी गलती होगी।’’

ओवैसी ने लिखा कि चीन चाहता है कि भारत दोनों देशों के रिश्तों को सामान्य बनाने के लिए सीमा विवाद को एक तरफ रख दे, लेकिन वह बदले में कुछ भी करने को तैयार नहीं है।

एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि चीन पाकिस्तान को जमीनी स्तर पर सैन्य मदद देता है और उसने भारत के साथ ब्रह्मपुत्र नदी से जुड़ा जल संबंधी डेटा साझा करने से इनकार कर दिया है।

ओवैसी ने कहा, ‘‘सीमा विवाद पर छोटी-मोटी बातों पर पहले समझौता कर लेने, परंतु बड़े मुद्दों पर छोड़ देने समेत हम ही रियायतें दे रहे हैं। ऐसा क्यों? नरेन्द्र मोदी सरकार की ओर से इस बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।’’

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल