एटा में विस्फोट से मकान क्षतिग्रस्त, जांच जारी
एटा में विस्फोट से मकान क्षतिग्रस्त, जांच जारी
एटा (उप्र), 16 जुलाई (भाषा) एटा जिले में बृहस्पतिवार तड़के हुए रहस्यमयी धमाके में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई घटना में मकान का मुख्य दरवाजा उड़ गया और दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि ऊपरी मंजिल पर सो रहा परिवार सुरक्षित बच गया।
पुलिस के मुताबिक, परिवार अपनी दुकान बंद करने के बाद आधी रात के आसपास घर लौट आया था। रात को खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य ऊपरी मंजिल पर सोने चले गये, उस समय बिजली की आपूर्ति नहीं थी।
परिवार की एक सदस्य रीता गुप्ता ने बताया कि वे तड़के एक जोरदार विस्फोट से जाग गए।
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम नीचे आए, तो हमने पाया कि मुख्य द्वार उड़ गया था और दीवारों में दरारें पड़ गई थीं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि हम तुरंत समझ नहीं पाए कि क्या हुआ था।’’
विस्फोट के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिससे इसके कारण के बारे में अटकलें शुरू हो गईं। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अलीगंज थाना प्रभारी रूपेश वर्मा ने कहा कि पुलिस को घटना की सूचना ‘डायल-112’ के माध्यम से मिली और वह तुरंत मौके पर पहुंची।
वर्मा ने कहा, ‘‘स्थानीय निवासियों के अनुसार, विस्फोट सुबह करीब 3.40 बजे हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए (पुलिस की) फील्ड यूनिट को बुलाया गया।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस ने महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं और विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘भौतिक और फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के सही कारण की जानकारी मिलेगी।’’ ’
भाषा सं जफर धीरज
धीरज

Facebook


