जम्मू कश्मीर के सांबा में मकान के बाहर विस्फोट, एनआईए, एनएसजी की टीम पहुंचीं

Ads

जम्मू कश्मीर के सांबा में मकान के बाहर विस्फोट, एनआईए, एनएसजी की टीम पहुंचीं

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 10:14 PM IST

जम्मू, 23 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में बीती रात एक पूर्व सरपंच के घर के बाहर संदिग्ध विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विस्फोट का कारण अभी पता नहीं चला है। यह विस्फोट घगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर गावाला तालाब में जयराम शर्मा के आवास के बाहर हुआ।

अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट से मुख्य द्वार और चारदीवारी का एक हिस्सा ढह गया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और घटनास्थल से नमूने लिए।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएयजी) की टीम भी खोजी कुत्तों के साथ विस्फोट स्थल पर पहुंचीं।

सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह मनहास ने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा, ‘‘यह घटना देर रात करीब 1:07 बजे हुई। जब घर से लोग बाहर आए तो उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त हो गया था।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘हमने इससे पहले कभी इतना जोरदार धमाका नहीं सुना। इससे पूरा गांव हिल गया और हमारे घर व आसपास के घरों के शीशे टूट गए।’’ उन्होंने इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए गहन जांच की मांग की।

इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल

ताजा खबर