विशेष आर्थिक क्षेत्रों से 2025-26 में निर्यात 11.8 प्रतिशत बढ़ा: सरकार

Ads

विशेष आर्थिक क्षेत्रों से 2025-26 में निर्यात 11.8 प्रतिशत बढ़ा: सरकार

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 07:00 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) सरकार ने मंगलवार को संसद को बताया कि विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) से देश का निर्यात 2025-26 में 11.8 प्रतिशत बढ़कर 16,36,192 करोड़ रुपये हो गया।

वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया 2024-25 में इन क्षेत्रों से 14,63,669 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ।

उन्होंने कहा कि उपयोगिता को बेहतर बनाने, निवेश लाने और एसईजेड को घरेलू आपूर्ति श्रृंखला के साथ जोड़ने के लिए, सरकार समय-समय पर इन निर्यात क्षेत्रों की संचालन दक्षता बढ़ाने के लिए कई कदम उठाती है।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में गुजरात से सबसे अधिक 4,05,595 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया। इसके बाद कर्नाटक (2,69,004 करोड़ रुपये), महाराष्ट्र (2,43,422.50 करोड़ रुपये) और तमिलनाडु (2,12,288 करोड़ रुपये) का स्थान है।

एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में प्रसाद ने कहा कि भारत का फार्मास्यूटिकल उत्पादों का निर्यात 2014-15 में 15.43 अरब डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 31.12 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जो लगभग 6.6 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर है। 2024-25 में यह 30.27 अरब अमेरिकी डॉलर था।

महाराष्ट्र देश के सबसे बड़े फार्मास्यूटिकल निर्यात वाले राज्यों में से एक है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 19 प्रतिशत है।

भाषा वैभव सुभाष

सुभाष