विदेश मंत्री जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति माशातिले से मुलाकात की

Ads

विदेश मंत्री जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति माशातिले से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 05:35 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे और डिजिटल क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर केंद्रित व्यापक वार्ता की।

प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक में दोनों पक्षों ने इस बात पर भी सहमति जताई कि भारत और दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करना चाहिए।

माशातिले ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

माशातिले, पत्नी हुमिले माशातिले और पांच मंत्रियों और उपमंत्रियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ, दक्षिण अफ्रीका को एक प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने और द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को बढ़ाने के उद्देश्य से 29 मई से छह दिवसीय भारत यात्रा पर हैं।

जयशंकर के साथ हुई बातचीत के बाद, माशातिले ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि दक्षिण अफ्रीका और भारत को अपने संबंधों का विस्तार करना चाहिए, खासकर आर्थिक क्षेत्रों में।

विदेश मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, “आज नयी दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के उप राष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले और उनके प्रतिनिधिमंडल से मिलकर मुझे खुशी हुई।”

उन्होंने कहा, “हमारी दीर्घकालिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता की हम सराहना करते हैं। हमने व्यापार, निवेश, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), डिजिटल और अवसंरचना क्षेत्रों में अवसरों पर चर्चा की। साथ ही इस बात पर भी सहमति बनी कि भारत और दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करना चाहिए।”

उपराष्ट्रपति के साथ अपनी मुलाकात के तुरंत बाद, माशातिले ने कहा, “हमारे देशों को मिलकर वैश्विक संस्थानों में शांति, समानता और निष्पक्षता को बढ़ावा देने के लिए साझा मूल्यों का लाभ उठाना जारी रखना चाहिए।”

दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति ने पिछले कुछ दिनों में राज्यसभा सदस्य डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी सहित कई व्यापारियों और प्रमुख राजनीतिक हस्तियों से मुलाकात की।

भाषा प्रशांत पवनेश

पवनेश