एलपीयू में हिंसा मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो: युवा कांग्रेस

Ads

एलपीयू में हिंसा मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो: युवा कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 05:32 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 05:32 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने पंजाब के फगवाड़ा स्थित ‘लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी’ (एलपीयू) में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद सोमवार को कहा कि हिंसा और यौन उत्पीड़न के आरोपों की ‘‘निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध’’ जांच कराई जाए।

युवा कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस के साथ झड़प की घटनाओं ने छात्रों की सुरक्षा, महिला छात्रावासों की व्यवस्था और संस्थागत जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

संगठन ने कहा कि परस्पर विरोधी दावों के बीच जांच साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए और छात्रों की चिंताओं को भी विश्वसनीय जांच के बिना खारिज नहीं किया जाना चाहिए।

युवा कांग्रेस ने छात्रों और उनके परिवारों की मदद के लिए ‘‘एलपीयू एसओएस आईवाईसी सपोर्ट डेस्क’’ शुरू करने की घोषणा की।

इसके तहत जरूरतमंद छात्रों को आवास, कानूनी, यात्रा और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

कांग्रेस की युवा इकाई ने महिला छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था, छात्रावास अधिकारियों की भूमिका और शिकायतों पर कार्रवाई की भी जांच किए जाने की मांग की।

उसने कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

भाषा हक हक संतोष

संतोष