नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पुरानी दिल्ली के खारी बावली में मिलावटी मसालों के निर्माण की एक इकाई का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और लगभग 801 किलोग्राम मिलावटी पिसे मसाले और उनके निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल जब्त किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस इकाई ने नकली हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पीली मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, आमचूर पाउडर और गरम मसाला बनाने के लिए निम्न गुणवत्ता वाले पदार्थों, कृत्रिम रंगों, चावल के टुकड़ों, मिर्च के डंठल और अन्य चीजों का कथित तौर पर इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि मिलावटी उत्पादों की आपूर्ति कथित तौर पर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में की जा रही थी।
दिल्ली के मुकुंदपुर निवासी कमलजीत (31) नामक आरोपी को खारी बावली के नया बांस इलाके में एक परिसर पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, 23 मई को एक घर के भूतल से संचालित हो रही अवैध मसाला निर्माण इकाई के बारे में सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई।
पुलिस ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में मिलावटी मसाले, कृत्रिम खाद्य रंग, चावल के टुकड़े, मिर्च के डंठल, धनिये के तने और अन्य कच्चा माल बरामद किया जिनका कथित तौर पर नकली मसाले बनाने में इस्तेमाल किया जाता था।
उन्होंने बताया कि परिसर से निर्माण प्रक्रिया में प्रयुक्त मसाला पीसने की मशीनरी भी जब्त की गई है।
अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई सामग्री का कुल वजन लगभग 801.88 किलोग्राम था।
छापेमारी के दौरान, दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जब्त किए गए मसालों के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण और खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एकत्र किए।
इस संदर्भ में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश