कोलकाताः Falta Assembly Election Results: पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर हुए दोबारा मतदान के आज नतीजे आ गए हैं। इसमें बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने प्रचंड जीत दर्ज की है। उन्हें 1 लाख 49 हजार 666 वोट मिले। जबकि CPM उम्मीदवार शंभु नाथ कुर्मी को 40 हजार 645 वोट मिले। इस तरह पांडा ने उन्हें 1 लाख 9 हजार 21 वोटों से मात दी है। यह सीट पर टीएमसी के पास थी और इसे ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक का गढ़ माना जाता है।
4 मई को घोषित हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने आज फेसबुक पर लाइव आकर अपनी बात रखी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अलावा नतीजे घोषित होने के बाद ममता सार्वजनिक रूप से कहीं नजर नहीं आईं। इस बार तृणमूल सुप्रीमो ने भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी को 220 से 230 सीटें मिलनी चाहिए थीं, लेकिन नतीजे पलट गए। ममता ने कहा, क्या ये वाकई चुनाव हैं? या फिर ये सिर्फ एक नाटक? चुनाव आयोग ने डेटा हैक कर लिया है। मुझे और मेरे एजेंट को बाहर निकाल दिया गया था। जीतने का मौका हाथ से निकल गया। पासा कम से कम 150 सीटों से उलट गया। हमें 220 से 230 सीटें मिल सकती थीं। इसमें जनता की कोई गलती नहीं है।कोई भी राज्य इस तरह नहीं चल सकता।