लक्षद्वीप के लापता पुलिसकर्मी की तलाश के लिए परिजनों ने किया केरलम से मदद लेने का अनुरोध
लक्षद्वीप के लापता पुलिसकर्मी की तलाश के लिए परिजनों ने किया केरलम से मदद लेने का अनुरोध
कवरत्ती (लक्षद्वीप), 20 अगस्त (भाषा) लक्षद्वीप में निर्जन सुहेली द्वीप के पास गश्त के दौरान एक नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 11 अगस्त से लापता दो पुलिसकर्मियों में से एक के परिजनों ने प्रशासन से उनका पता लगाने के लिए जारी खोज अभियान में केरलम सरकार की मदद लेने का अनुरोध किया है।
लापता पुलिस कांस्टेबल नबील के.एम. के भाई मोहम्मद नसीब के.एम. ने कवरत्ती के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर केरलम से अतिरिक्त मदद मांगने का अनुरोध किया है।
उन्होंने पत्र में कहा है कि द्वीपों से भौगोलिक निकटता और समुद्री आपात स्थितियों के साथ-साथ खोज एवं बचाव कार्यों में केरलम के व्यापक अनुभव को देखते हुए उसकी सहायता ली जानी चाहिए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, लापता पुलिसकर्मियों में कवरत्ती के रहने वाले नबील (34) और एंड्रोट के पुलिस कांस्टेबल हिदायतुल्ला के.सी. (49) शामिल है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वहीं, नाव पर सवार तीसरे पुलिसकर्मी उमर फारूक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। वह अमिनी द्वीप के रहने वाले हैं।
नसीब ने कहा कि केरलम के पास ‘विशेषज्ञता प्राप्त अतिरिक्त अनुभवी कर्मी, पोत, गोताखोरी की क्षमता, उपकरण या अन्य संसाधन हो सकते हैं जो लक्षद्वीप में जारी खोज अभियान को और मजबूती दे सकते हैं।’
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कोई मांग नहीं है, बल्कि परिवार की ओर से एक विनम्र सुझाव है जो उम्मीद कर रहा है कि लापता लोगों का पता लगाने के लिए उपलब्ध सभी विकल्प इस्तेमाल किए जाएंगे।
नसीब ने दोनों पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए प्रशासन, पुलिस, तटरक्षक बल, मछुआरों और अन्य सभी एजेंसियों द्वारा संचालित खोज अभियानों की सराहना भी की।
लापता कर्मियों के लिए बड़े पैमाने पर खोज अभियान चलाया जा रहा है। उन्हें ढूंढने के लिए एक हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है वहीं कवरत्ती के स्थानीय मछुआरों की भी मदद ली जा रही है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना

Facebook


