अभिनेताओं के पीछे भागने की कोशिश में प्रशंसकों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा: रजनीकांत

Ads

अभिनेताओं के पीछे भागने की कोशिश में प्रशंसकों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा: रजनीकांत

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 02:51 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 02:51 PM IST

चेन्नई, आठ अप्रैल (भाषा) अभिनेता रजनीकांत ने बुधवार को कहा कि प्रशंसकों को यह नहीं भूलना चाहिए कि अगर वे अपने पसंदीदा अभिनेताओं के पीछे भागने में खुद को नुकसान पहुंचाते हैं, तो इसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा, न कि उनके आदर्श अभिनेताओं को।

रजनीकांत अभिनेता और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय के प्रशंसकों द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान उनसे मिलने के लिए उठाए जा रहे अत्यधिक जोखिमों पर टिप्पणी कर रहे थे।

रैलियों में विजय के पास पहुंचने की होड़ में प्रशंसक अक्सर खुद को खतरे में डाल देते हैं, इस बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए रजनीकांत ने कहा कि प्रशंसकों को ‘सावधान’ रहना होगा।

करूर में हुई दुखद घटना के बावजूद, जहां भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी, विजय की रैली में प्रशंसकों को उनकी गाड़ी के सामने कूदते हुए देखना आम बात है।

रजनीकांत ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “युवाओं को बहुत सावधान रहना चाहिए। अगर उन्हें चोट लगती है, तो इसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा। उन्हें अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।”

उन्होंने जीवन के विद्यार्थी काल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं के लिए शिक्षा एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “पढ़ाई के लिए निर्धारित इस समय को अगर आप गंवा देते हैं, तो आपको बाद में जीवन में बहुत कष्ट उठाना पड़ेगा। आपका पूरा ध्यान आपकी शिक्षा पर केंद्रित होना चाहिए।”

अभिनेता रजनीकांत ने अपनी आगामी फिल्म के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि उसकी लगभग 20 प्रतिशत शूटिंग बाकी है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश