गुरुग्राम, 11 मई (भाषा) फरीदाबाद के दयालपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने छह वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके शव को अपनी छाती से बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जुआ और शराब की लत से उत्पन्न आर्थिक तंगी के कारण व्यक्ति ने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की पहचान सागर (32) के रूप में हुई है, जो दयालपुर गांव का निवासी था।
वह जुआ और शराब का आदी था और इन बुराइयों के कारण उसकी पत्नी अपने छह वर्षीय बेटे और ससुराल वालों के साथ पड़ोसी गांव मछगर चली गई थी। सागर दयालपुर में अपने घर में अकेला रहता था।
पुलिस के अनुसार, रविवार को वह मछगर गांव गया और अपने बेटे को दयालपुर वापस ले आया। रात में उसने अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर अपने बेटे के शव को अपनी छाती से बांधकर घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि एक पड़ोसी उनके घर आया, जिसके बाद इस घटना के बारे में पता चला।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। उसने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सागर ने अकेलेपन और आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाया, लेकिन मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव