ऑपरेशन सिंदूर : भारतीय वायु सेना ने दिल्ली में 88 घंटे की शृंखला दौड़ आयोजित की

Ads

ऑपरेशन सिंदूर : भारतीय वायु सेना ने दिल्ली में 88 घंटे की शृंखला दौड़ आयोजित की

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 11:12 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 11:12 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सफल हवाई अभियानों की पहली वर्षगांठ के अवसर पर, भारतीय वायुसेना ने दिल्ली में 88 घंटे की शृंखला दौड़ (रिले दौड़) का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सात से 10 मई के बीच आयोजित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौड़ का मार्ग राजधानी के कई प्रमुख स्थलों से होकर था, जिनमें इंडिया गेट, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, एयर हेडक्वार्टर वायु भवन, नेहरू पार्क और न्यू मोती बाग रोड शामिल हैं। यह दौड़ नयी दिल्ली स्थित वायुसेना स्टेशन पर समाप्त हुई।

पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए सात मई, 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया गया था, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में कई आतंकी बुनियादी ढांचों पर सटीक हमले किए थे।

इन हमलों के कारण तनाव में तेजी से वृद्धि हुई और पाकिस्तान ने जवाबी हमले किए, हालांकि इनमें से अधिकांश को भारतीय सेना ने विफल कर दिया। परमाणु हथियारों से लैस दोनों पड़ोसी देशों के बीच लगभग 88 घंटे तक सैन्य संघर्ष 10 मई की शाम को दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद समाप्त हो गया।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय वायु सेना और सेना की विभिन्न कमानों से कुल 600 प्रतिभागियों ने 7 से 10 मई तक आयोजित ‘ऑपरेशन सिंदूर यादगार शृंखला दौड़’ में भाग लिया।

भाषा आशीष संतोष

संतोष