फरीदाबाद: स्कूल में दिनदहाड़े शिक्षिका की चाकू से वार कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Ads

फरीदाबाद: स्कूल में दिनदहाड़े शिक्षिका की चाकू से वार कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 08:34 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 08:34 PM IST

फरीदाबाद, तीन अगस्त (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को एक नकाबपोश व्यक्ति एक निजी स्कूल में घुस गया और दिनदहाड़े एक महिला शिक्षिका की चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने हालांकि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, शिक्षिका के चेहरे, गर्दन और सीने पर 20 से अधिक बार वार किए गए थे जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई जिसका एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।

पुलिस ने बताया कि कथित वीडियो में सफेद स्कार्फ से चेहरा ढके एक व्यक्ति शिक्षिका पर बार-बार चाकू से वार करता हुआ दिखाई दे रहा है।

वीडियो में आरोपी को स्कूल संचालक को धमकाते हुए भी देखा जा सकता है जिसने बीच-बचाव करते हुए शिक्षिका को बचाने की कोशिश की थी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सिक्रोना गांव में हुई और इस संबंध में सेक्टर 58 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के मुताबिक, कोट गांव निवासी आरोपी अमित (21) को घटना के दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश