बीड, पांच अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के एक गांव के 20 से अधिक किसानों का दावा है कि एक सौर उर्जा कंपनी द्वारा अपने परिसर में खरपतवार नाशक के छिड़काव से आस-पास के इलाकों में खड़ी उनकी फसल बुरी तरह प्रभावित हुई हैं जिससे उन्हें 60 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
बीड तहसील के कुक्कड़गांव के प्रभावित किसानों ने फसल नुकसान के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की है। साथ ही उन्होंने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
किसानों का आरोप है कि सौर ऊर्जा संयंत्र परिसर में छिड़का गया खरपतवार नाशक हवा के जरिए आसपास के खेतों तक पहुंच गया जिससे कपास, अरहर, तूअर और पपीते की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा।
किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीड के जिलाधिकारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कंपनी से मुआवजा दिलाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
किसानों ने कहा कि खरपतवार नाशक के संपर्क में आने से फसलें मुरझा गईं और उनका विकास रुक गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसान राजाभाऊ महाराज कुटे ने कहा कि किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार को सौर कंपनी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करना चाहिए और प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिलाना चाहिए।
बीड तहसील के कृषि अधिकारी यू. ए. गारजे ने बताया कि उन्होंने पंचनामा किया है और खड़ी फसलों को करीब 50 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश