सरकार की अप्रभावी नीतियों की वजह से हरियाणा के किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है: कुमारी सैलजा

Ads

सरकार की अप्रभावी नीतियों की वजह से हरियाणा के किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है: कुमारी सैलजा

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 05:01 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 05:01 PM IST

चंडीगढ़, 15 फरवरी (भाषा) कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने रविवार को दावा किया कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की अप्रभावी नीतियों के कारण किसान कर्ज में डूब रहे हैं।

सैलजा ने कहा, ‘‘खेती लंबे समय से हरियाणा की खुशहाली का आधार रहा है, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों के कारण राज्य के किसान तेजी से कर्ज के जाल में फंसते जा रहे हैं।’’

सिरसा से कांग्रेस सांसद सैलजा ने कहा कि आधिकारिक आंकड़े इसकी पुष्टि करते हैं कि ‘‘हरियाणा में हर किसान परिवार पर औसतन कर्ज 1.83 लाख रुपये से अधिक हो गया है।’’

सैलजा ने कहा कि पिछले साल हरियाणा विधानसभा में सरकार द्वारा दिए गए लिखित जवाब के अनुसार 30 सितंबर 2025 तक राज्य के 25,67,467 किसानों पर बकाया कृषि ऋण 60,816 करोड़ रुपये है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार में खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का पूरा फायदा नहीं मिल रहा है, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सही मुआवजा नहीं दिया जा रहा है और भूमिहीन किसान पूरी तरह हाशिये पर हैं।

कांग्रेस सांसद सैलजा ने एक बयान में कहा कि इन हालात ने खेती को एक फायदेमंद पेशे के बजाय परेशानी का सबब बना दिया है। सैलजा ने कहा कि किसान और युवा ही हरियाणा की असली ताकत हैं, लेकिन ‘‘मौजूदा सरकार की नीतियों ने किसानों को और अधिक कर्ज के जाल में फंसा दिया है, जबकि युवाओं को बेरोजगारी, नशे की लत और पलायन की ओर धकेल दिया है।’’

कांग्रेस सांसद ने राज्य सरकार से एक ठोस कृषि कर्ज राहत योजना बनाने, सभी फसलों के लिए प्रभावी एमएसपी सुनिश्चित करने, प्राकृतिक आपदाओं के मामलों में समय पर मुआवजा देने और छोटे एवं भूमिहीन किसानों के लिए एक खास पैकेज की घोषणा करने की मांग की।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस किसानों और युवाओं के अधिकारों एवं हितों के लिए लड़ती रहेगी।

भाषा शफीक अमित

अमित