पंजाब में किसानों ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि समेत विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया

Ads

पंजाब में किसानों ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि समेत विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 08:29 PM IST

होशियारपुर/लुधियाना, दो जून (भाषा) संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों से जुड़े किसानों ने मंगलवार को ईंधन की कीमतों में वृद्धि समेत कई मुद्दों को लेकर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया।

उन्होंने जिला प्रशासनिक परिसरों और अन्य स्थानों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को संबोधित करते हुए अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा।

भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) समेत एसकेएम से संबद्ध किसान संगठनों ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

ज्ञापन में एसकेएम ने उस अधिसूचना को वापस लेने की मांग की, जिसकी वजह से कथित तौर पर भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में पंजाब के स्थायी प्रतिनिधित्व का अधिकार छिन गया है।

किसानों ने सहकारी समितियों के माध्यम से फसल ऋण की बढ़ी हुई सीमा को बहाल करने, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम कम करने, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, यूरिया की कीमतों में हुई वृद्धि को वापस लेने और सब्सिडी लाभों को बहाल करने की भी मांग की।

इस ज्ञापन में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी मांग की गई।

अन्य मांगों में किसानों और कृषि मजदूरों के लिए ऋण राहत, बाढ़, ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश के कारण फसलों के नुकसान के लिए मुआवजा और प्रस्तावित विद्युत संशोधन विधेयक, 2025 और बीज विधेयक, 2025 को वापस लेना शामिल है।

लुधियाना में संयुक्त किसान मोर्चा के विभिन्न गुटों के समर्थकों ने अपनी मांगों के समर्थन में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त किसान मोर्चा के झंडे लेकर केंद्र और पंजाब दोनों सरकारों के खिलाफ नारे लगाए।

भाषा प्रशांत जोहेब

जोहेब