महाराष्ट्र सरकार ने 1,601 करोड़ रुपये में एयर इंडिया भवन का अधिग्रहण किया

Ads

महाराष्ट्र सरकार ने 1,601 करोड़ रुपये में एयर इंडिया भवन का अधिग्रहण किया

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 10:23 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 10:23 PM IST

मुंबई, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को दक्षिण मुंबई के प्रतिष्ठित एयर इंडिया भवन का औपचारिक रूप से 1,601 करोड़ रुपये में अधिग्रहण कर लिया।

सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, एयर इंडिया एसेट्स होल्डिंग कंपनी और राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के बीच समझौते का हस्तांतरण राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय’ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में पूरा किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई, लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुंबई के नारिमन पॉइंट स्थित यह बहुमंजिली इमारत 1974 में राज्य सरकार की जमीन पर बनाई गई थी। एयर इंडिया के निजीकरण के बाद यह संपत्ति एयर इंडिया एसेट्स होल्डिंग लिमिटेड के पास चली गई थी।

राज्य सरकार ने 2021 से इस भवन को खरीदने की प्रक्रिया शुरू की थी, क्योंकि दक्षिण मुंबई में सरकारी दफ्तरों के लिए जगह की कमी बनी हुई है।

नवंबर, 2023 में राज्य मंत्रिमंडल ने 1,601 करोड़ रुपये में खरीद को मंजूरी दी थी और लगभग 298 करोड़ रुपये की बकाया राशि माफ करने का निर्णय लिया गया था। केंद्र सरकार ने मार्च, 2024 में इसे अंतिम मंजूरी दी थी।

अब राज्य सरकार इस 45,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र वाले भवन का उपयोग विभिन्न सरकारी कार्यालयों को एकीकृत करने के लिए करेगी, जिससे किराये पर होने वाला खर्च कम किया जा सके।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय