गांधीनगर, आठ मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि भाजपा शासित गुजरात में किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा, उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता और अगर वे आवाज उठाते हैं तो उन्हें जेल भेज दिया जाता है।
‘परिवर्तन लाओ, किसान बचाओ’ रैली में किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण मुख्यमंत्री पद पर रहने के दौरान उन्हें जेल भेजा गया।
हालांकि, आप नेता ने दावा किया कि अदालत ने कहा कि उनके खिलाफ कोई मामला नहीं बनता। केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी शुल्क नीति मामले में हाल में अदालत द्वारा आरोपमुक्त किये जाने का भी हवाला दिया।
आप नेता ने कहा कि भाजपा ने उन्हें चोर बताया था, लेकिन अदालत ने उन्हें आरोपमुक्त कर दिया क्योंकि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए कोई सबूत नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने पिछले साल बोटाद जिले के हद्दाद में किसानों को अपनी आवाज उठाने के लिए जेल भेज दिया। गुजरात के किसान खून के आंसू रो रहे हैं। कुछ जगहों पर पीने का पानी नहीं है, तो कुछ जगहों पर सिंचाई के लिए पानी नहीं है। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।’’
केजरीवाल ने कहा, ‘‘भाजपा राज्य में 30 वर्षों से सत्ता में है, लेकिन इन 30 वर्षों में उसने कुछ नहीं किया है। किसानों को उसे सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लेना चाहिए।’’
आप नेता ने कहा, ‘‘आगामी 2027 के चुनावों में, ‘पार्टी मत बदलो, व्यवस्था बदलो।’ चुनाव के दौरान वे आपसे वोट मांगते हैं, फिर चुनाव जीतने के बाद आपकी सुध नहीं लेते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन लोगों ने मुझे छह महीने जेल में रखा। भारत की आजादी के 75 वर्षों में कभी भी किसी मौजूदा मुख्यमंत्री को जेल में नहीं डाला गया। उन्होंने हमारी पार्टी के पांच बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया। हर जगह तलाशी ली लेकिन एक पैसा भी नहीं मिला। अगर एक मुख्यमंत्री को उठाकर जेल में डाल दिया जाता है तो आम लोगों के साथ क्या होगा?’’
केजरीवाल ने कहा, ‘‘2022 के विधानसभा चुनावों में गुजरात की जनता ने आम आदमी पार्टी के पांच विधायकों को चुना था, और अगर आप इसी तरह आगे बढ़ती रही तो 2027 में सरकार बना लेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए ये लोग (भाजपा) मुझे रोकना चाहते हैं और मुझ पर शराब घोटाले समेत कई आरोप लगा रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि गुजरात में सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के नेता ही तरक्की कर रहे हैं।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गुजरात में कई विधायक ऐसे हैं जिनकी संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक की है जो कल तक स्कूटर पर घूमते थे।
आप नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने अपने बेटे जय शाह को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का सचिव और फिर ‘इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल’ (आईसीसी) का प्रमुख बनाया।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश