भाजपा में शामिल दागी नेताओं के लिए त्वरित अदालतें गठित करें: सिब्बल

Ads

भाजपा में शामिल दागी नेताओं के लिए त्वरित अदालतें गठित करें: सिब्बल

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 03:58 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों को सजा दिलाने के लिए त्वरित अदालतों की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उन लोगों के लिए भी ऐसी अदालतें गठित की जानी चाहिए जो भाजपा में शामिल होने से पहले गंभीर आरोपों का सामना कर रहे थे।

वरिष्ठ वकील सिब्बल ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो गई है और जनता का मूड उसके खिलाफ हो गया है।

निर्दलीय राज्यसभा सदस्य ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि उन्हें पहले अपनी पार्टी के लोगों के लिए त्वरित अदालतें स्थापित करनी चाहिए।

सिब्बल ने कहा कि जिन लोगों को उन्होंने पार्टी में शामिल किया, उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे और भाजपा ने अपने भाषणों में इन लोगों पर बड़े पैमाने पर घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया था फिर भी उन्होंने ऐसे लोगों को अपनी पार्टी में शामिल किया।

उन्होंने कहा, ‘‘उन लोगों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही क्यों नहीं शुरू की जा रही है? सीबीआई उनकी जांच क्यों नहीं कर रही है? और जो जांच पहले से चल रही थी उसे क्यों रोक दिया गया? उन्हें पहले इन सवालों का जवाब देना चाहिए।’’

सिब्बल ने कहा, ‘‘…जब छात्र भूख हड़ताल पर थे, तो सरकार चुप रही। अब, वे अचानक जाग गए हैं क्योंकि उन्हें एहसास हुआ कि स्थिति उनके हाथ से निकल गई है। उनकी उलटी गिनती शुरू हो गई है, इसलिए वे अब बात कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे जानते हैं कि जनता का मूड उनके खिलाफ हो गया है। भारत के लोगों, खासकर युवाओं में व्यापक गुस्सा है।”

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास केवल एक ही मुद्दा है – हिंदू-मुस्लिम और उन्हें शिक्षा की कोई चिंता नहीं है तथा उसे केवल सत्ता में बने रहने की चिंता है।

भाषा अविनाश वैभव

वैभव

वैभव