सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत
सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत
कानपुर (उप्र), 25 मार्च (भाषा) कानपुर के कल्याणपुर में एक सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार देर रात गोवा गार्डन में एक आवासीय अपार्टमेंट परिसर में हुई, जहां तीन कर्मचारी- जावेद (45), उसका बेटा आकिब (25) और दामाद इरफान आधी रात के आसपास सफाई के काम के लिए सेप्टिक टैंक में उतरे थे।
पुलिस के अनुसार, तीनों ने सफाई का एक दौर पूरा कर लिया था और सुरक्षित रूप से टैंक से बाहर निकल गए।
हालांकि, देर रात करीब दो बजे दूसरे प्रयास के दौरान, जावेद और आकिब काफी अंदर चले गए और जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान इरफ़ान को चक्कर आने लगा, वह बाहर निकलने में कामयाब रहा और उसने तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन पर फोन करके अधिकारियों को सूचना दी।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे तक बचाव अभियान संचालित किया। उन्हें बुधवार तड़के बाहर निकाला गया और लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जावेद और आकिब को मृत घोषित कर दिया। ये लोग कर्नलगंज इलाके के रहने वाले थे।
सहायक पुलिस आयुक्त (कल्याणपुर) आशुतोष कुमार और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
सहायक पुलिस आयुक्त कुमार ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि मौत जहरीली गैसों के कारण हुई । जांच की जा रही है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।’
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भाषा सं जफर शोभना
शोभना

Facebook


