झूठे मामले में फंसाए जाने के डर से मजदूर ने आत्महत्या की कोशिश की, हालत गंभीर

Ads

झूठे मामले में फंसाए जाने के डर से मजदूर ने आत्महत्या की कोशिश की, हालत गंभीर

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 06:34 PM IST

एटा, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में एक मजदूर ने झूठे मामले में फंसाए जाने के डर से कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि मजदूर को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, नगला भोज गांव में एक ईंट भट्टे पर काम करने वाले सुभाष (27) ने रविवार दोपहर अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, परिजन सुभाष को फंदे से उतारकर फौरन एटा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सुभाष की पत्नी बैजंती ने गांव की एक महिला पर अपने पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

परिजन के मुताबिक, उक्त महिला ने करीब एक महीने पहले सुभाष के खिलाफ शांति भंग करने का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने निवारक कार्रवाई की थी।

उन्होंने दावा किया कि महिला सुभाष को एक और मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी, जिससे वह तनाव में था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नीतेश गर्ग ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी गहन जांच की जाएगी।

थाना प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल