वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोधी कॉलोनी पार्क में ‘भारत वन’ की शुरुआत की, पौधारोपण किया

Ads

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोधी कॉलोनी पार्क में 'भारत वन' की शुरुआत की, पौधारोपण किया

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 03:08 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को लोधी कॉलोनी पार्क में ‘भारत वन’ की शुरुआत की। ‘भारत वन’ मियावाकी पद्धति से विकसित किया गया शहरी वन क्षेत्र है।

‘मियावाकी’ पद्धति एक ऐसी तकनीक है, जिसमें सीमित जगह में बहुत कम समय में घना जंगल विकसित किया जाता है।

इसे नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की पहल के तहत विकसित किया गया है।

सीतारमण ने कहा कि बृहस्पतिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ नाम के महीने भर चलने वाले विशेष अभियान के तहत पौधारोपण का यह काम इसकी शुरुआत थी।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को मनाया जाता है, जबकि सात अक्टूबर को निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल और ‘इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड’ (आईआईएफसीएल) के प्रबंध निदेशक के साथ मिलकर यहां पौधा लगाया। इसके लिए आईआईएफसीएल अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कोष से वित्त पोषण कर रही है।

सीतारमण ने कहा, ‘यहां लगाया गया एक भी पौधा इस क्षेत्र के बाहर का नहीं है। ये सभी देशज पौधे हैं, जो इस वातावरण में प्राकृतिक रूप से उगते हैं।’

उन्होंने कहा कि यह स्थान लोगों को निशुल्क टहलने के लिए जगह उपलब्ध कराएगा और लोग घने जंगल के बीच ध्यान, योग और प्राणायाम भी कर सकेंगे।

सीतारमण ने कहा, ‘यह जनहित में एक अच्छा कार्यक्रम है, जो दिल्ली के प्रदूषण की समस्या का भी समाधान करने में मदद करेगा।’

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि इस परियोजना के तहत एक एकड़ क्षेत्र में ‘मियावाकी’ वन शैली से 10,000 से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं।

भाषा शुभम रंजन

रंजन