तिरुवनंतपुरम, 22 अक्टूबर (भाषा) केरल मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक अहम फैसला लेते हुए उन 1,031 पात्र लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया, जिन्हें पहले एंडोसल्फान पीड़ितों की प्रारंभिक सूची में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कासरगोड जिले में एंडोसल्फान पीड़ितों की पहचान के लिए 2017 में आयोजित चिकित्सा जांच और क्षेत्रीय निरीक्षण के पहले चरण के आधार पर इन व्यक्तियों को सूची से बाहर रखा गया है।
कासरगोड में सैकड़ों लोग काजू के बागानों में इस्तेमाल होने वाले जहरीले कीटनाशक एंडोसल्फान से प्रभावित हुए हैं, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं और दिव्यांगताएं पैदा हुई हैं। पीड़ित और उनके परिवार न्याय और मुआवजे के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनके मामले को मंजूरी देने के लिए मंत्रिमंडल के फैसले को जिला कलेक्टर को भेज दिया गया है।
मंत्रिमंडल ने अलप्पुझा जिले में 50 अत्यंत गरीब परिवारों को फ्लैट आवंटित करने का भी निर्णय लिया, जो अत्यंत गरीबी उन्मूलन योजना के तहत भूमिहीन और बेघरों की सूची में शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि ‘पुनर्गेहम’ योजना के तहत 50 फ्लैट मत्स्य विभाग के फ्लैट परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसका निर्माण अलप्पुझा जिले के पुरक्कड़ मन्नुमपुरत में पूरा किया जा रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि केरल राज्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति विकास निगम के कर्मचारियों के लिए 11वां वेतन संशोधन एक अगस्त, 2019 से लागू किया जाएगा।
भाषा प्रशांत संतोष
संतोष