केरल के मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी को सोशल मीडिया पर ‘धमकी देने’ संबंधी मामले में प्राथमिकी दर्ज

Ads

केरल के मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी को सोशल मीडिया पर ‘धमकी देने’ संबंधी मामले में प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 11:14 AM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 11:14 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 26 अप्रैल (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सुरक्षा टीम के एक सदस्य को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम के सदस्य संदीप शशिधरन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर तिरुवनंतपुरम साइबर सिटी पुलिस ने मामला दर्ज किया।

इससे पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि संदीप और एक अन्य अधिकारी अनिल कुमार ने 2023 में अलप्पुझा में नवकेरला सदास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस-केएसयू के दो कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक हमला किया था, जिसमें उन पर गमले से हमला करना भी शामिल था।

बाद में दोनों अधिकारियों के खिलाफ एक जांच के पश्चात अपराध शाखा ने उन्हें क्लीन चिट दे दी थी।

हाल ही में, नौ अप्रैल को राज्य विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस, युवा कांग्रेस और केएसयू कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर कई पोस्ट किये था, जिनमें दावा किया गया कि जब एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) सत्ता से हटेगा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सत्ता में आएगा, तो बदला लिया जाएगा।

पुलिस ने कहा कि फेसबुक पर अरुण राजेन्द्रन, टॉम कुरियाकोस, यासिर केपी, सोनी पनमथनम, सरत पिल्लई, केएसयू कंजीरामकुलम, राहुल जॉन सी और युवा कांग्रेस बैटल नामक खातों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल करके सोशल मीडिया पर कई धमकी भरी पोस्ट की गई थीं।

पुलिस ने कहा कि ये सोशल मीडिया खाते चलाने वालों की पहचान कर ली गई है और इन्हें जल्द ही जांच के तहत पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

भाषा जोहेब अमित

अमित