(BMW India E25 Petrol Compatible/ Image Credit: BMW India)
नई दिल्ली: BMW India E25 Petrol Compatible: भारत सरकार प्रदूषण कम करने और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की नीति पर तेजी से काम कर ही है। हाल ही में सरकार ने E22, E25, E27 और E30 जैसे उच्च एथेनॉल मिश्रित ईंधन के मानकों को भी मंजूरी दी है। इस बदलाव के बाद कई कार मालिकों में चिंता थी कि उनकी गाड़ियां इस नए फ्यूल को सह पाएंगी या नहीं।
लग्जरी कार निर्माता BMW ने अपने ग्राहकों को राहत देते हुए कहा है कि भारत में बिकने वाली उसकी सभी पेट्रोल कारें E25 फ्यूल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। BMW ग्रुप इंडिया के सीईओ हरदीप सिंह बरार के अनुसार यह कोई नया बदलाव नहीं है बल्कि कंपनी की गाड़ियां पिछले कई वर्षों से इसी तकनीक के अनुसार बनाई जा रही हैं।
BMW ने साफ किया है कि उनकी कारों में इस्तेमाल होने वाले इंजन और फ्यूल सिस्टम पहले से ही ऐसे डिजाइन किए गए हैं जो अधिक एथेनॉल वाले ईंधन को आसानी से सह सकते हैं। इसमें जंग-रोधी मटीरियल और एडवांस पार्ट्स का उपयोग किया गया है। जिससे E25 फ्यूल से किसी तरह की समस्या नहीं होगी। इसका मतलब है कि ग्राहकों को अपनी कार में कोई बदलाव नहीं करना पड़ेगा।
जानकारों के मुताबिक, एथेनॉल गन्ने या अनाज से बनाया जाता है और इसकी मात्रा बढ़ने पर यह कुछ सामान्य इंजनों के रबर पार्ट्स और फ्यूल सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकता है। खासकर जिन गाड़ियों को केवल E10 या E20 के लिए डिजाइन किया गया है। उनमें अधिक एथेनॉल से इंजन की परफॉर्मेंस पर असर पड़ सकता है। लेकिन BMW जैसी कंपनियों के वाहन इस तकनीक के लिए पहले से तैयार हैं। इसलिए उनके मालिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।