कानपुर (उप्र), तीन सितंबर (भाषा) कानपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र में एक निजी इमारत में स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि कार्यालय में धुआं और आग की लपटें देखे जाने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं।
लाल ने बताया कि चार दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।’’
आग से कार्यालय के अंदर रखी कई फाइलें और दस्तावेज कथित तौर पर जल गए।
अधिकारियों ने अभी तक नुकसान का आकलन नहीं किया है और आग लगने का सही कारण भी तुरंत पता नहीं चल पाया है।
लाल ने कहा, ‘‘कुछ फाइलों के जलने की खबर है, लेकिन यह जांच का विषय है।’’
पुलिस घटना की जांच कर रही है।
भाषा सं जफर गोला
गोला