गुजरात सचिवालय के तलघर में लगी आग, रिकॉर्ड रूम जलकर खाक
गुजरात सचिवालय के तलघर में लगी आग, रिकॉर्ड रूम जलकर खाक
गांधीनगर, 10 अगस्त (भाषा) गांधीनगर स्थित गुजरात सचिवालय की एक इमारत के तलघर में सोमवार सुबह आग लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग में एक रिकॉर्ड रूम जलकर खाक हो गया।
गांधीनगर नगर निगम के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि अग्निशमन नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना सुबह 7:50 बजे मिली। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन दल ने पाया कि आग सचिवालय के ब्लॉक नंबर नौ के तलघर तक ही सीमित थी।
अधिकारी ने बताया कि करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
पटेल ने बताया कि तलघर में स्थित एक रिकॉर्ड रूम आग में पूरी तरह जल गया। उन्होंने कहा कि नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा, “हमने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन तलघर में हवा की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अंदर काफी धुआं जमा है। इसे बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।”
अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


