मणिपुर के इंफाल ईस्ट में गोलीबारी और बमबारी; लोगों में दहशत

Ads

मणिपुर के इंफाल ईस्ट में गोलीबारी और बमबारी; लोगों में दहशत

  •  
  • Publish Date - December 27, 2024 / 05:58 PM IST,
    Updated On - December 27, 2024 / 05:58 PM IST

इंफाल, 27 दिसंबर (भाषा) मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के दो गांवों में शुक्रवार को पहाड़ी क्षेत्र के हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी और बमबारी शुरू कर दी और इस हमले से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सनसाबी और थमनापोकपी गांवों में हुए हमलों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई से दोनों गांवों में भारी गोलीबारी हुई।

अधिकारी ने बताया, ‘‘पहाड़ी से हथियारबंद लोगों ने सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर सनसाबी गांव और आस-पास के इलाकों में अंधाधुंध गोलीबारी और बमबारी करना शुरू कर दिया, जिसके कारण सुरक्षाकर्मियों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।’’

हथियारबंद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी शुरू होने पर स्थानीय लोग इधर-उधर भागने लगे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘हथियारबंद लोगों ने पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे जिले के थामनपोकपी गांव में भी हमला किया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।’’

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कर्मियों सहित सुरक्षा बलों ने गोलीबारी के बीच फंसी कई महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जान बचाई।

पिछले वर्ष मई से मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।

भाषा

यासिर नरेश

नरेश