नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारत में निर्मित पहले सी-295 सैन्य परिवहन विमान ने सफलतापूर्वक अपनी पहली परीक्षण उड़ान पूरी की। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने यह जानकारी दी।
भारतीय वायुसेना लगभग 21,935 करोड़ रुपये की लागत से 56 सी-295 परिवहन विमान खरीद रही है।
इनमें से 40 विमानों का निर्माण वडोदरा स्थित उत्पादन केंद्र में ‘टाटा एडवान्स्ड सिस्टम्स लिमिटेड’ द्वारा‘एयरबस’ के सहयोग से किया जाएगा।
भारतीय वायुसेना ने भारत में निर्मित पहले सी-295 विमान की सफल पहली परीक्षण उड़ान के लिए इससे जुड़े पूरे दल को बधाई दी।
वायुसेना ने बुधवार को कहा, “यह उपलब्धि भारत की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमताओं को और मजबूत करती है तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के तहत स्वदेशी रक्षा क्षमता को बढ़ावा देने के प्रति भारतीय वायुसेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।”
भाषा मनीषा वैभव
वैभव