दिल्ली पुलिस के नये आयुक्त की नियुक्ति के बाद पहली बड़ी कार्रवाई, वांगचुक को अस्पताल ले जाया गया

Ads

दिल्ली पुलिस के नये आयुक्त की नियुक्ति के बाद पहली बड़ी कार्रवाई, वांगचुक को अस्पताल ले जाया गया

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 12:41 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 12:41 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार संभालने के 24 घंटे के भीतर अनुराग कुमार की निगरानी में हुई पहली बड़ी कार्रवाई के तहत, 21 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

शनिवार को जंतर-मंतर पर की गई यह कार्रवाई अनुराग कुमार के दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार संभालने के बाद पहली बड़ी कार्रवाई है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1994 बैच के एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के अधिकारी अनुराग कुमार ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला था।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि चिकित्सकों की सलाह पर वांगचुक को आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसे दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार संभालने के महज एक दिन बाद अनुराग कुमार द्वारा लिया गया पहला बड़ा निर्णय माना जा सकता है।

शनिवार तड़के चलाये गए इस अभियान के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने संयम बरता और वांगचुक को उपचार के लिए सुरक्षित रूप से सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया।

एक सूत्र ने बताया कि अनुराग कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

सूत्र ने बताया, ‘‘पुलिस आयुक्त ने सभी जिला और यूनिट प्रमुखों को निर्देश दिया है कि शहर के किसी भी हिस्से में कानून-व्यवस्था भंग नहीं होनी चाहिए।’’

अनुराग कुमार, जो पूर्व में खुफिया ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक रह चुके हैं, को इस एजेंसी में लगभग दो दशक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने कश्मीर, वीआईपी सुरक्षा और वामपंथी उग्रवाद से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने वाशिंगटन स्थित भारतीय मिशन में भी अपनी सेवाएं दी हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पुलिस पदक (मेधावी सेवा) तथा राष्ट्रपति पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया जा चुका है।

अनुराग कुमार ने सतीश गोलछा की जगह ली है, जो अगस्त 2025 से दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर थे।

वांगचुक नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में किये जा रहे प्रदर्शन के समर्थन में 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे चिकित्सकों के अनुसार, हड़ताल के दौरान उनका वजन लगभग 9.5 किलोग्राम कम हो गया और उनके रक्तचाप तथा रक्त शर्करा के स्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि चिकित्सकों की सलाह और उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में वांगचुक को ‘‘आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल’’ के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रदर्शन समाप्त करने और प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की।

पुलिस कार्रवाई के बाद कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव