Sagar Road Accident Today | Photo Credit: AI
सागर: Sagar Road Accident Today कानपुर फोरलेन पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बंडा थाना क्षेत्र के दलपतपुर के तिराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया।
Sagar Road Accident Today मृतकों की पहचान धनप्रसाद अहिरवार (20 वर्ष), आर्यन अठिया (19 वर्ष) और रोहित लोधी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम बेड़ी पापट के निवासी बताए गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल बंडा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बारिश के कारण सड़क पूरी तरह गीली और फिसलन भरी थी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक तेज गति से लहराते हुए बंडा से दलपतपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल के पास शराब की बोतल मिलने के बाद पुलिस युवकों के नशे में होने की संभावना की भी जांच कर रही है, पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज भेज दिया है। साथ ही बंडा थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।