कोहिमा, 18 जुलाई (भाषा) नगालैंड पुलिस ने 13 जुलाई को चुमौकेदिमा जिले में हुए आईईडी विस्फोट के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद करने वाली विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 50,000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
इस विस्फोट में असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए थे। घायलों में चार सुरक्षा कर्मी और एक नागरिक हैं। यह घटना नागालैंड के चुमौकेदिमा जिले में चुमौकेदिमा (ए) गांव-शोखुवी सड़क के पास हुई थी।
दीमापुर पुलिस आयुक्त की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना में पुलिस आयुक्त आओतुला टी. इमचेन ने कहा कि दीमापुर पुलिस आयुक्तालय इस मामले की गहन जांच कर रहा है, ताकि इस ‘जघन्य आतंकवादी कृत्य’ की साजिश रचने, उसे अंजाम देने, मदद करने या किसी भी रूप में सहयोग करने वाले सभी लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
यह इनाम ऐसी भरोसेमंद जानकारी के लिए दिया जाएगा जिससे अपराधियों या उनके साथियों की पहचान या गिरफ़्तारी हो सके; अपराध की साजिश रचने, धन देने वाले, पनाह देने, लाने-ले जाने या अपराध में मदद करने वाले लोगों की पहचान हो सके। इनमें मामले से जुड़े विस्फोटक, विस्फोटक के पुर्ज़े, हथियार, संचार उपकरण, गाड़ियां या कोई अन्य सबूत वाली चीज़ें बरामद करना; और अपराधियों से जुड़े किसी ठिकाने, आदि का पता लगाना शामिल है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा करें, चाहे वह कितनी भी छोटी या महत्वहीन क्यों न लगे।
दीमापुर पुलिस आयुक्तालय ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और कानून के अनुसार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि गुमनाम जानकारी भी स्वीकार की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, ईनाम तभी दिया जाएगा जब जांच के बाद यह पुष्टि हो जाए कि दी गई सूचना से मामले का खुलासा करने, सबूत बरामद करने या आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण मदद मिली है। इसके लिए सक्षम अधिकारी की मंजूरी आवश्यक होगी।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने की अपील की है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव