श्रीनगर, 18 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में बड़े पैमाने पर हुई एक वित्तीय धोखाधड़ी के सिलसिले में एचडीएफसी के पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के एक प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने बुधवार को इस मामले में शोपियां और बडगाम जिलों में छापेमारी की।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अब तक एचडीएफसी बैंक के पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कर्मचारियों में आदिल अयूब गनई, इरफान मजीद जरगर, मुबाशिर हुसैन शेख, जैद मंजूर और जावेद अहमद भट शामिल हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मामले में सबूत जुटाने के लिए शोपियां और बडगाम में कई स्थानों पर छापेमारी अभियान जारी है।’’
उन्होंने बताया कि एक लिखित शिकायत के बाद शाखा में वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। प्रवक्ता ने कथित अपराध या आरोपी द्वारा अपनाए गए तौर-तरीकों के बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा