लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत, 12 यात्री घायल

Ads

लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत, 12 यात्री घायल

  •  
  • Publish Date - June 24, 2022 / 05:17 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:43 PM IST

लखीमपुर खीरी (उप्र) 24 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना इलाके में शुक्रवार की दोपहर को सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और करीब 12 यात्री घायल हो गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार पीलीभीत—सिद्धार्थनगर राजमार्ग पर ईसानगर थाना इलाके के उंचगांव-अदलिसपुर चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य यात्री घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब बस चालक ने पिकअप वैन को ओवरटेक करने का प्रयास किया और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गयी।

धौरहरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) एसएन तिवारी ने बताया कि मृतकों में बस चालक बालचंद्र मिश्रा (40), परिचालक नायब सिंह (35), यात्री जमाल खान (45) और दो अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं, जिनके ट्रक चालक और उसका सहायक होने का संदेह है।

धौरहरा के उप जिलाधिकारी धीरेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया ।

पुलिस के अनुसार घायल बस यात्रियों में से गंभीर स्थिति में दो को जिला अस्पताल भेजा गया जबकि अन्य का धौरहरा सामुदायिक केंद्र पर उपचार चल रहा है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन