असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, 58,523 लोग अब भी प्रभावित

Ads

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, 58,523 लोग अब भी प्रभावित

  •  
  • Publish Date - July 18, 2022 / 09:01 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:32 PM IST

गुवाहाटी, 18 जुलाई (भाषा) असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति में सुधार के साथ प्रभावित लोगों की संख्या में कमी आयी है। हालांकि, जान गंवाने वालों की संख्या में एक शख्स की मौत की वृद्धि हुई और नये इलाके जलमग्न हो गये।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 58,523 हो गयी, जिसमें मोरीगांव सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 35,542 लोग अभी भी बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं।

रविवार को पांच जिलों में राज्य में प्रभावित आबादी 90,875 थी।

बुलेटिन में कहा गया है कि इस साल की बाढ़ और भूस्खलन के कारण जान गंवाने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 196 हो गयी।

एएसडीएमए के बुलेटिन के अनुसार, छह जिलों में कुल मिलाकर आठ राजस्व मंडल और 76 गांव इस समय जलमग्न हैं।

एएसडीएमए बुलेटिन में कहा गया है कि कछार में 20 हज़ार से अधिक लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

बुलेटिन के अनुसार, 3,500 से अधिक विस्थापित लोगों ने 23 राहत शिविरों में शरण ली है।

विश्वनाथ में तटबंध प्रभावित हुए हैं, जबकि हैलाकांडी से भूस्खलन की खबरें हैं।

एएसडीएमए बुलेटिन में कहा गया है कि बोंगाईगांव, विश्वनाथ और मोरीगांव से कटाव की सूचना मिली है।

भाषा

फाल्गुनी नरेश

नरेश