ईटानगर, 28 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के बाद तलाशी एवं बचाव अभियान में पापुम पारे जिले में एक और शव मिलने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की खबरें हैं, जिससे घर जलमग्न हो गए हैं और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन ने बचाव और निकासी अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों ने कहा कि दस जिले – केई पन्योर, पापुम पारे, क्रा दादी, कुरुंग कुमेय, लोअर सुबनसिरी, कामले, ऊपरी सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, लेपाराडा और निचला सियांग – बारिश से प्रभावित हुए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार सुबह तक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव दानी सुलु ने बताया कि सौरभ कुमार खारवार का शव केयी पान्योर जिले के बाढ़ प्रभावित पूसा क्षेत्र से लगभग 35 किलोमीटर दूर हवा कैंप के पास मिला। शव को वापस लाने के लिए एक बचाव दल रवाना किया गया है।
बुधवार सुबह लगातार बारिश के कारण केयी पैन्योर ज़िले में अचानक आई बाढ़ (फ़्लैश फ़्लड) की चपेट में आने से पांच लोग लापता हो गए थे। एक और शव मिलने के साथ ही अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि दो अन्य लापता हैं। बुधवार को 35 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया था जबकि शनिवार को एक अन्य महिला का शव मिला था।
रविवार को तलाशी अभियान को पांच दिन हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि जारी तलाशी एवं बचाव अभियान को और मज़बूत करने के लिए रविवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 23 और जवान केयी पन्योर ज़िले के लिए रवाना हुए।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल