पंजाब के कपूरथला में विदेशों से जुड़े हथियार आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़
पंजाब के कपूरथला में विदेशों से जुड़े हथियार आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़
कपूरथला, आठ मार्च (भाषा) पंजाब पुलिस ने हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जिसके फिलीपीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तस्करों से संबंध हैं और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया और उसके पास से पांच देसी पिस्तौल बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इन हथियारों का इस्तेमाल क्षेत्र में गोलीबारी और जबरन वसूली जैसी गतिविधियों के लिए किया जाना था।
पुलिस ने जालंधर जिले के मेहराजवाला गांव के अजय कुमार को गिरफ्तार किया और उसके 17 वर्षीय एक साथी को हिरासत में लिया।
कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव तोरा ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सबसे पहले अजय कुमार को गिरफ्तार किया और उससे एक पिस्तौल बरामद की।
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया और उसके पास से चार पिस्तौल बरामद किए।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी फिलीपीन और यूएई स्थित विदेशी आकाओं के निर्देशों पर काम कर रहे थे।
जांच में यह भी पता चला कि उन्होंने मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति से लगभग 87,000 रुपये में अवैध हथियार खरीदे थे।
सदर कपूरथला थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


