महराजगंज, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नेपाल में अवैध तरीके से दाखिल होने की कोशिश कर रहे एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। एसएसबी के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को एसएसबी की 22वीं बटालियन ने नियमित गश्त के दौरान सोनौली थाना क्षेत्र के मैनिहवा इलाके में सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास नेपाल की सीमा में दाखिल हो रहे एक विदेशी नागरिक को रोका, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन एसएसबी कर्मियों ने उसका पीछा करके उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए विदेशी नागरिक ने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन (36) बताया और कहा कि वह अमेरिका के कैलिफार्निया का रहने वाला है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार विदेशी नागरिक पोसपोर्ट, वीजा या कोई अन्य वैध यात्रा दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति ने नेपाल में दाखिल होने के लिए बेंगलुरु से सोनौली सीमा तक यात्रा की थी।
एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपने से पहले एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने ब्राउन से पूछताछ की।
भाषा
सं सलीम पारुल
पारुल