विदेश सचिव ने चीन और पाकिस्तान के साथ संबंधों पर संसदीय समिति को जानकारी दी

Ads

विदेश सचिव ने चीन और पाकिस्तान के साथ संबंधों पर संसदीय समिति को जानकारी दी

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 10:07 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 10:07 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बृहस्पतिवार को संसद की एक समिति को पाकिस्तान और चीन के साथ भारत के संबंधों को लेकर जानकारी दी।

विदेश मामलों संबंधी संसद की स्थायी समिति की बैठक ‘भारत-चीन संबंधों की समझ और आगे की राह’ तथा ‘भारत-पाकिस्तान संबंधों में हाल के घटनाक्रम’ पर विचार-विमर्श के लिए बुलाई गई थी।

मिसरी की अगुवाई में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली समिति को इन विषयों पर जानकारी दी।

समिति के सदस्य 22 से 25 जून तक अध्ययन दौरे पर जम्मू, श्रीनगर, कारगिल और लेह जाएंगे।

समिति की यह बैठक विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित दौरे से पहले दी गई जानकारी (प्री-डिपार्चर ब्रीफिंग) का भी हिस्सा थी।

बैठक के बाद थरूर ने कहा, ‘‘यह मूल रूप से एक परिचयात्मक ब्रीफिंग थी, क्योंकि समिति जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जा रही है। इस दौरान हम श्रीनगर, जम्मू, लेह और कारगिल भी जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि विदेश सचिव ने समिति को भारत-पाकिस्तान और भारत-चीन, दोनों मुद्दों पर जानकारी दी, क्योंकि दौरे के दौरान इन्हीं दोनों क्षेत्रों का भ्रमण किया जाएगा।

थरूर ने कहा, ‘‘यह बहुत विस्तृत जानकारी थी, लेकिन स्वाभाविक रूप से मैं यह नहीं बता सकता कि बैठक में क्या चर्चा हुई।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या समिति सीमा क्षेत्रों का भी दौरा करेगी, उन्होंने कहा कि सदस्य कारगिल में सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट स्थित निगरानी स्थलों का दौरा करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें वहां जमीनी स्तर पर सैन्य अधिकारियों से भी जानकारी मिलेगी।’’

थरूर ने कहा कि समिति सीधे नियंत्रण रेखा पर नहीं जाएगी, बल्कि लेह और कारगिल का दौरा करेगी।

भाषा हक माधव दिलीप

दिलीप