जाली हस्ताक्षर मामला: सीआईडी ने तृणमूल के वरिष्ठ विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय से पूछताछ की

Ads

जाली हस्ताक्षर मामला: सीआईडी ने तृणमूल के वरिष्ठ विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 06:23 PM IST

कोलकाता, 20 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति से संबंधित विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे गए एक पत्र पर कथित जाली हस्ताक्षर के मामले की जांच के सिलसिले में अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय से उनके आवास पर पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की दो सदस्यीय टीम भवानीपुर स्थित चट्टोपाध्याय के आवास पर पहुंची और उनसे एक घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।

हाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद तृणमूल विधायक दल पर नियंत्रण को लेकर तीखी राजनीतिक खींचतान के बीच सामने आए इस मामले की जांच में यह अब तक का ताजा घटनाक्रम है।

चट्टोपाध्याय ने पूछताछ के बाद पत्रकारों से कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।

बालीगंज से विधायक ने कहा, “मैं जांच में 200 प्रतिशत से भी अधिक सहयोग करूंगा। लेकिन जिन लोगों ने हस्ताक्षर जालसाजी के आरोप लगाए हैं, उनसे भी पूछताछ की जानी चाहिए क्योंकि प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए जाने के समय सभी लोग मौजूद थे।”

यह विवाद उस पत्र को लेकर है, जिसे ममता बनर्जी गुट ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को सौंपा था।

इस पत्र में नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए सोवनदेब चट्टोपाध्याय के नाम का प्रस्ताव रखा गया था।

पत्र पर तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कथित हस्ताक्षर थे। हालांकि, दस्तावेज पर हस्ताक्षर जाली होने के आरोप सामने आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने इस पत्र को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव