कोलकाता, आठ मई (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश टी एस शिवज्ञानम ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने उस न्यायाधिकरण से इस्तीफा दे दिया है, जो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास के बाद मतदाता सूची से नाम हटने को चुनौती देने वाली अपीलों की सुनवाई कर रहा था।
न्यायमूर्ति शिवज्ञानम उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए 19 पूर्व न्यायाधीशों में से एक हैं, जो मतदाता सूची से नामों को हटाने के संबंध में न्यायिक अधिकारियों के निर्णयों से उत्पन्न अपीलों की सुनवाई करेंगे।
न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) शिवज्ञानम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मैंने कल कलकत्ता उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।’’
अपीलों के संबंध में न्यायमूर्ति शिवज्ञानम के सबसे महत्वपूर्ण आदेशों में से एक मोताब शेख का नाम मतदाता सूची में शामिल करना था, जो बाद में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर फरक्का से चुनाव जीते। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान शेख का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था।
भाषा शफीक रंजन
रंजन